क्राइम

महाराष्ट्र में बड़ा प्रशासनिक भूचाल!

बीड के पूर्व जिलाधिकारी अविनाश पाठक गिरफ्तार, करोड़ों के भूमि घोटाले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
महाराष्ट्र के बीड जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। बीड के पूर्व जिलाधिकारी अविनाश पाठक को जमीन अधिग्रहण घोटाले के मामले में पुलिस ने लातूर स्थित उनके घर से हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, अविनाश पाठक जब बीड में जिलाधिकारी के पद पर कार्यरत थे, उस दौरान राष्ट्रीय महामार्ग (हाईवे) के लिए जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया में करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगा है। जांच में सामने आया कि किसानों को दिए जाने वाले मुआवजे में भारी अनियमितताएं की गईं और सरकारी दस्तावेजों पर कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर कर शासन को करोड़ों का नुकसान पहुंचाया गया।
इस मामले में बीड में पहले ही गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पिछले कई दिनों से पुलिस इस घोटाले की गहराई से जांच कर रही थी। आज सुबह बीड पुलिस की एक विशेष टीम लातूर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से अविनाश पाठक के निवास पर छापा मारकर उन्हें हिरासत में लिया।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद महसूल विभाग और प्रशासनिक गलियारों में जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। सूत्रों का मानना है कि पूछताछ के दौरान इस घोटाले से जुड़े कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
सवाल जो अब पूरे महाराष्ट्र में गूंज रहा है:
“क्या करोड़ों के इस घोटाले में सिर्फ एक अधिकारी शामिल था या पूरी चेन काम कर रही थी?”
पुलिस अब अविनाश पाठक को बीड ले जाकर आगे की पूछताछ करेगी। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!